<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 10, 2026

समपार बंद करने की अनुमति के इंतजार में अटका नारंग रोड रेलवे ओवरब्रिज का कार्य

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। पुरानी बस्ती स्थित नारंग रोड रेलवे ओवरब्रिज (समपार संख्या-198बी) के निर्माण में हो रही देरी का कारण अब स्पष्ट हो गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई शिकायत के जवाब में पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया है कि रेलवे हिस्से का पाइलिंग कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन समपार (रेलवे क्रॉसिंग) को बंद करने के लिए स्थानीय प्रशासन की अनुमति अभी प्राप्त नहीं हुई है। अनुमति मिलने के बाद ही शेष निर्माण कार्य पूरा किया जा सकेगा।

विकासशील उद्योग व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धेश कुमार ने 25 जून 2026 को प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर बस्ती-ओड़वारा स्टेशन के मध्य किलोमीटर 567/8-9 पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी का मामला उठाया था। अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि सेतु निगम द्वारा पुल का अधिकांश कार्य पूरा कर दिया गया है, लेकिन रेलवे की ओर से निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण परियोजना लंबित है, जिससे आमजन में नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने जनहित को देखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया था।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा शिकायत रेलवे को भेजे जाने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य परियोजना प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ ने 7 जुलाई 2026 को अपना जवाब भेजा। रेलवे ने स्पष्ट किया कि रेलवे भाग में सभी पाइलिंग कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। अंतिम निर्माण कार्य के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ संयुक्त निरीक्षण भी किया गया है।

रेलवे के पत्र के अनुसार, ओवरब्रिज का शेष कार्य पूरा करने के लिए समपार को अस्थायी रूप से बंद किया जाना आवश्यक है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन की अनुमति अपेक्षित है। रेलवे ने कहा है कि जैसे ही स्थानीय प्रशासन द्वारा समपार बंद करने की अनुमति और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दी जाएगी, विभाग शेष निर्माण कार्य पूरा कर देगा।

रेलवे के इस स्पष्टीकरण से स्पष्ट है कि फिलहाल निर्माण कार्य रेलवे की तकनीकी तैयारी के अभाव में नहीं, बल्कि समपार बंद करने की प्रशासनिक अनुमति लंबित होने के कारण रुका हुआ है। अब स्थानीय प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद ही ओवरब्रिज के निर्माण का अंतिम चरण पूरा हो सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages