वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत स्कूली वाहनों की शत-प्रतिशत फिटनेस एवं वैध परमिट सुनिश्चित कराने के लिए मंगलवार को परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला बाजपेयी के नेतृत्व में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) एवं यात्रीकर अधिकारी ने उर्मिला एजूकेशनल एकेडमी, बस्ती में संचालित स्कूली वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं वाहन चालकों को निर्देश दिए गए कि सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। साथ ही चालकों को तेज गति से वाहन न चलाने तथा नशे की हालत में वाहन संचालन से सख्ती से बचने की हिदायत दी गई।
प्रवर्तन अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर छह स्कूली वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा थाना हर्रैया एवं पैकोलिया क्षेत्र में एक-एक स्कूली वाहन को निरुद्ध (सीज) किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी माला बाजपेयी ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि अपने स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट सहित सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन कराने के बाद ही उनका संचालन कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना वैध प्रपत्रों के कोई स्कूली वाहन बच्चों का परिवहन करते हुए संचालित पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी स्कूली वाहनों के विरुद्ध जांच एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment