वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के राजभाषा विभाग द्वारा क्षेत्रीय रेल स्तर पर वर्ष 2026 की हिंदी निबंध, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, हिंदी क्विज तथा हिंदी वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन 9 एवं 10 जुलाई को बहुविषयक पद्धति प्रशिक्षण केंद्र (एमएसटीसी), गोरखपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाना तथा राजभाषा के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता में विभिन्न भाषा-भाषी सेवारत कर्मचारी एवं अधिकारी, कनिष्ठ प्रशासनिक (जेए) ग्रेड तक, भाग ले सकेंगे। 9 जुलाई को हिंदी निबंध तथा हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि 10 जुलाई को हिंदी क्विज एवं हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
हिंदी निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘बहुभाषी भारत में राजभाषा हिंदी की आवश्यकता’ तथा ‘स्वतंत्रता संग्राम में हिंदी की भूमिका’ विषय निर्धारित किए गए हैं। वहीं हिंदी वाक् प्रतियोगिता के लिए ‘रेलवे यात्री सुविधा में हिंदी की भूमिका’ और ‘राजभाषा हिंदी : एकता का सूत्र और भारतीयता की पहचान’ विषय रखे गए हैं। हिंदी क्विज एवं टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता 100-100 अंकों की होगी।
राजभाषा विभाग द्वारा इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। क्षेत्रीय रेल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित अखिल रेल हिंदी निबंध, वाक्, क्विज तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार के साथ तीन प्रेरणा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment