<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, July 6, 2026

हर्रैया तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 89 शिकायतें प्राप्त, 19 का मौके पर निस्तारण


बस्ती। जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से हर्रैया तहसील सभागार में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी अपनी समस्या के समाधान की अपेक्षा लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचता है, इसलिए जनसमस्याओं का समाधान सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो सका, उनके संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जन-शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनके साथ संवेदनशील एवं सहज व्यवहार करें।
उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 26, पुलिस की 12, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 10, पूर्ति विभाग की 32 तथा अन्य विभागों की 4 शिकायतें शामिल रहीं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी रश्मि यादव, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीपीआरओ धनश्याम सागर, जिला उद्यान अधिकारी अरुण त्रिपाठी, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages