बस्ती। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे ने बताया कि सामान्य वर्ग के पुरुष लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों को 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान देना होगा। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को ऋण पर 4 प्रतिशत ब्याज का भुगतान करना होगा, जबकि शेष ब्याज का वहन विभाग पांच वर्षों तक करेगा। वहीं आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों के पूंजीगत ऋण पर पांच वर्षों तक संपूर्ण ब्याज का भुगतान विभाग द्वारा संबंधित बैंक को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद को इस योजना के तहत 10 इकाइयों की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये का पूंजी निवेश लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, विकास भवन परिसर, बस्ती से जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करते समय पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, जाति, निवास, शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, परियोजना रिपोर्ट तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9580503136 एवं 9044610496 पर संपर्क कर सकते हैं।

No comments:
Post a Comment