गोरखपुर। पटवा युवा समाज सेवा समिति (रजि.), महानगर गोरखपुर के तत्वावधान में आगामी 26 जुलाई (रविवार) शाम 4:30 बजे राजघाट स्थित पुरानी चुंगी, रामलीला मैदान में भव्य वैवाहिक परिचय एवं मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार पटवा, उपाध्यक्ष आकाश पटवा तथा महामंत्री श्याम बाबू पटवा ने संयुक्त रूप से आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि समारोह का उद्देश्य पटवा समाज में सामाजिक एकता को मजबूत करना, युवाओं को वैवाहिक परिचय का सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत वैवाहिक परिचय सत्र से होगी। इसके बाद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाज के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों का अभिनंदन भी किया जाएगा।
समारोह में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा सभी आगंतुकों के लिए प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया है।
समिति पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, शिक्षा के प्रति सम्मान और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

No comments:
Post a Comment