वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने 20 जुलाई 2026 को मंझरिया तिराहा के पास से वांछित अभियुक्त राजप्रताप सिंह पुत्र ओरी सिंह, निवासी गड़सरपार, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संत कबीर नगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु.अ.सं. 1010/2025 के तहत उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास को देखते हुए 31 अक्टूबर 2025 को गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment