वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 खलीलाबाद विजय आनंद, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-2 बस्ती प्रभार तथा उनकी टीम ने ग्राम राउतपार, थाना कोतवाली क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके पर करीब 235 किलोग्राम महुआ लहन नष्ट कराया। इसके अलावा 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामद शराब के संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments:
Post a Comment