बस्ती। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की मासिक बैठक रविवार को प्रेस क्लब में जिलाध्यक्ष महिपाल पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीश मिश्र ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय लोक दल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विवेक चौधरी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन विस्तार में जुटे तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के हाथों को मजबूत करने का कार्य करे।
राष्ट्रीय सचिव राजा ऐश्वर्या राज सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत से ही राजनीतिक और सामाजिक लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। मंडल अध्यक्ष राधेश्याम चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उन्हें जन-जन तक पहुंचाना रालोद का उद्देश्य है। प्रदेश महासचिव अरुणेन्द्र पटेल ने कहा कि रालोद मजबूत होगी तो किसानों और युवाओं के सपनों को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में संगठन की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर पर नई समितियों के गठन, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष महिपाल पटेल का पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
बैठक में क्षेत्रीय महासचिव अरुण कुमार चौधरी, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गीता वर्मा, अभय पटेल, नागेंद्र कुमार, शिवकुमार गौतम, इन्द्र बहादुर यादव, राजेश कुमार गुप्ता, अविनाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment