बस्ती। देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक जागरण द्वारा आयोजित 'प्रतिभा सम्मान-2026' समारोह में जनपद के हाईस्कूल (कक्षा 10) एवं इंटरमीडिएट (कक्षा 12) के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी एवं आईपीएस डॉ. यशवीर सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन के दम पर सम्मान प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ला ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और विद्यालय उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। जब विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक एक टीम के रूप में कार्य करते हैं तो सफलता निश्चित होती है। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय को अपने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां ही किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान होती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं प्रत्येक वर्ष बोर्ड एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्था का नाम रोशन कर रहे हैं। विद्यालय परिवार ने दैनिक जागरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पुनः शुभकामनाएं दी गईं।

No comments:
Post a Comment