बस्ती। भूगर्भ जल विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 16 से 22 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में भूजल सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य भूजल संरक्षण, नियंत्रण एवं विकास के प्रति आमजन, छात्र-छात्राओं तथा सामाजिक संस्थाओं में जागरूकता बढ़ाना है। यह जानकारी सीनियर हाइड्रोजियोलॉजिस्ट राहुल कुमार शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भूजल के अनियोजित दोहन के कारण भूजल स्तर लगातार गिर रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। ऐसे में भूजल संसाधनों के संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए भूजल सप्ताह का आयोजन महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" रखी गई है। अभियान के दौरान लोगों को घर, मंदिर और कार्यस्थल पर पानी की एक-एक बूंद बचाने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा दूसरों को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।
राहुल कुमार शर्मा ने सभी नागरिकों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवी संस्थाओं से भूजल सप्ताह में सक्रिय भागीदारी कर जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है।

No comments:
Post a Comment