वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। क्षेत्राधिकारी यातायात बृजेश सिंह के कुशल पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न चौराहों एवं तिराहों पर विशेष यातायात अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, काली फिल्म, हूटर, प्रेशर हॉर्न और अवैध नाम पट्टिका लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने शहर क्षेत्र में बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, गलत पार्किंग करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की सघन जांच की। अभियान के दौरान कुल 150 वाहनों का चालान करते हुए 1 लाख 40 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
कार्रवाई के दौरान छह वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में पांच चालकों का भी चालान किया गया। इसके अलावा दक्षिण दरवाजा से अस्पताल चौराहे तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की।

No comments:
Post a Comment