गोरखपुर। गोरखनाथ थाना पुलिस ने एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) कराने के बहाने बैंक कर्मचारी से चार लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजनौर निवासी मोहित चावला (31) और लखनऊ निवासी रोहित यादव (23) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल एवं क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय की टीम ने दोनों आरोपियों को रविवार दोपहर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर निवासी यश चौधरी ने तहरीर देकर बताया था कि एक व्यक्ति स्वयं को ब्रांच मैनेजर बताकर बैंक में आया और 11 लाख रुपये की एफडी कराने की बात कही। उसने चार लाख रुपये के छोटे नोट होने का हवाला देते हुए 500-500 रुपये के नोट मंगवाने के लिए बैंक कर्मचारी को वी-मार्ट के पास स्थित एक ज्वेलर्स के यहां भेजा। कर्मचारी के वहां पहुंचते ही आरोपी चार लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना गोरखनाथ में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की पहचान होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, ठगी और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment