वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी बस्ती के साथ शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा सभी को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
डीआईजी श्री त्यागी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर होता है। योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में नई ऊर्जा का संचार भी करता है।
योग कार्यक्रम के उपरांत डीआईजी बस्ती थाना छावनी क्षेत्र स्थित रामरेखा मंदिर अमोढ़ा पहुंचे, जहां आयोजित योग कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। योग एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment