वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रम के तहत गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने मंगलवार को विभिन्न योग शिविरों में भाग लेकर लोगों को योग अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है।
सांसद रवि किशन ने सबसे पहले विंध्यवासिनी पार्क में आयुष विभाग द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है तथा मानसिक तनाव से भी राहत मिलती है। योग व्यक्ति के जीवन में संतुलन और ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देश भारतीय योग परंपरा को अपना रहे हैं।
इसके बाद सांसद ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान गोरखपुर में आयोजित योग शिविर में भी भाग लिया। यहां उन्होंने चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से नियमित योग करने की अपील की। सांसद रवि किशन ने आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता करने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment