गोरखपुर। शहर के बसंतपुर खास स्थित धुन शाह तकिया कब्रिस्तान की भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध मिट्टी पाटने के मामले को लेकर कब्रिस्तान कमेटी ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। कमेटी ने आरोप लगाया है कि कब्रिस्तान एवं सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर पूर्व में दिए गए आदेशों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कब्रिस्तान कमेटी ने बताया कि मोहल्ला बसंतपुर खास स्थित प्राचीन कब्रिस्तान राजस्व अभिलेखों में दर्ज है तथा उसके निकट सार्वजनिक रास्ता भी मौजूद है। कमेटी का कहना है कि तत्कालीन तहसीलदार सदर द्वारा 2 अप्रैल 1999 को पारित आदेश के विरुद्ध आपत्ति प्रस्तुत की गई थी और मामले में पुनर्विचार की मांग की जा रही है।
कमेटी के अनुसार, 18 मई 2026 को जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे तथा 8 जून 2026 को भी मामले में मौखिक आदेश जारी किया गया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ लोग कब्रिस्तान की भूमि पर मिट्टी पाटकर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
कब्रिस्तान कमेटी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विवादित भूमि पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए तथा कब्रिस्तान की भूमि को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

No comments:
Post a Comment