वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (आईआरएसई) के वरिष्ठ अधिकारी अनुज मित्तल ने गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वह मेट्रो रेलवे, कोलकाता में प्रमुख मुख्य इंजीनियर तथा कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पूर्व-पश्चिम मेट्रो लाइन) में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे।
अनुज मित्तल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. तथा आईआईटी, दिल्ली से एम.टेक. की उपाधि प्राप्त की है। वर्ष 1990 बैच के भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने रेलवे सेवा में प्रवेश किया।
अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने पूर्व रेलवे, मेट्रो रेलवे, दक्षिण-पूर्व रेलवे, रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल), दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे तथा दक्षिण-पश्चिम रेलवे सहित विभिन्न रेलवे संगठनों में अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। रेलवे प्रणालियों के विभिन्न क्षेत्रों में उन्हें व्यापक अनुभव प्राप्त है।
अनुज मित्तल को मेट्रो रेलवे, कोलकाता तथा आरवीएनएल में कार्य करते हुए मेट्रो परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। रेल प्रबंधन एवं प्रशासन में उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें एक कुशल और अनुभवी अधिकारी माना जाता है।
रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अपनी कार्यशैली एवं व्यवहार के कारण श्री मित्तल समान रूप से लोकप्रिय हैं। उनके नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे की निर्माण परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

No comments:
Post a Comment