<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, June 25, 2026

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार जरूरी - प्रदीप नरवाल


गाजियाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रदीप नरवाल ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अव्यवस्थित परीक्षा प्रणाली पर चिंता जताते हुए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, गाजियाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदीप नरवाल ने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कड़ी मेहनत कर नीट, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग, पुलिस भर्ती और अन्य सरकारी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण और दूरस्थ परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था के कारण उन्हें मानसिक, आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई बार परीक्षाएं रद्द होने से छात्रों की वर्षों की मेहनत और परिवारों की पूंजी व्यर्थ चली जाती है। वहीं, परीक्षा केंद्र गृह जनपद से सैकड़ों किलोमीटर दूर होने के कारण अभ्यर्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा छात्रों को उनके निवास स्थान के निकट परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराए जाएं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से युवा वर्ग स्वयं को ठगा महसूस कर रहा है। रोजगार के अवसर घट रहे हैं और भर्तियां भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ रही हैं। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें परेशान करने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages