वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा संबंधी नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जनपद के समस्त थानों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों की जानकारी दी। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रमों में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीमों द्वारा थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के काशीराम आवास, कौवाठोर एवं जिला अस्पताल, महिला थाना क्षेत्र के मेंहदावल बाईपास, थाना महुली के टिकुईकोल, थाना धनघटा के मदरा, खैरागढ़ एवं उमरिया, थाना मेंहदावल के अंजाहिया बाजार, थाना बखिरा के रसूलाबाद एवं मंगल बाजार तथा थाना धर्मसिंहवा के गौरीराई, बेलराई एवं मंझरिया लाला क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने चौपाल शैली में संवाद सत्र आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय और उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment