वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे "क्रैक साइबर क्राइम" अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के क्रम में साइबर सेल थाना कोतवाली खलीलाबाद की टीम ने एक साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को राहत दिलाते हुए उसकी पूरी धनराशि वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार रामदरस पुत्र रामदेव निवासी बस्ती देवा, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीरनगर को 07 जनवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर फोन किया। आरोपी ने आवेदक को कथित रूप से गलत वीडियो देखने की बात कहकर ब्लैकमेल किया और भय पैदा कर उसके खाते से 5,000 रुपये एक फर्जी खाते में ट्रांसफर करा लिए।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल थाना कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत दर्ज कराई। साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकांत कुशवाहा द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत संख्या 33101260004710 दर्ज की गई। पुलिस की प्रभावी पैरवी एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी 5,000 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, धमकी या ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें अथवा Cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।

No comments:
Post a Comment