वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
07 जून 2026 को मिशन शक्ति टीम महिला थाना द्वारा थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के ग्राम सबदेईया, थाना गौर द्वारा ग्राम भरपुरवा, थाना सोनहा द्वारा ग्राम खैरा, थाना कलवारी द्वारा ग्राम रोहिपुर तथा थाना पैकोलिया द्वारा ग्राम भौखरी में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर उनके अधिकारों तथा विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई।
सम्मेलन में महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में 1090 वीमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही संबंधित थानों के सीयूजी नंबरों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाले महिला अपराधों, उत्पीड़न और अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सुरक्षा और सम्मान के वातावरण को मजबूत बनाने का संदेश भी दिया गया।

No comments:
Post a Comment