<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, June 25, 2026

एक सप्ताह तक जिंदगी की जंग लड़ता रहा अवनीश, आखिर हार गया संघर्ष; सड़क हादसे ने उजाड़ दिया परिवार


महादेवा, बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के दतुआखोर गांव निवासी 38 वर्षीय अवनीश पाण्डेय उर्फ बब्बू की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद बुधवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है। छह माह पहले मां को खो चुके परिवार पर यह दूसरा बड़ा वज्रपात है।
जानकारी के अनुसार, गत गुरुवार को अवनीश पाण्डेय गांव के ही कन्हैया गौड़ के साथ बाइक से बनकटी बाजार सामान खरीदने गए थे। देर शाम करीब आठ बजे दोनों सामान लेकर घर लौट रहे थे। लालगंज थाना क्षेत्र में बनकटी ब्लॉक के समीप कटौधा मोड़ पर बाइक मोड़ते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक के पीछे बैठे अवनीश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि बाइक चला रहे कन्हैया गौड़ को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवनीश को तत्काल कैली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर बाद में उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया, जहां पिछले एक सप्ताह से उनका उपचार चल रहा था। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद बुधवार शाम करीब छह बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गुरुवार को गांव में शोक का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
ग्रामीणों के अनुसार, अवनीश पाण्डेय मेहनती, सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। खेती-बाड़ी के जरिए वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अपने पीछे वह वृद्ध पिता, पत्नी, एक पुत्री और तीन छोटे भाइयों को छोड़ गए हैं। छह माह के भीतर मां और परिवार के कमाऊ सदस्य को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मिली इन दो बड़ी त्रासदियों ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages