बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना डाकखाना मोहल्ले से पशु क्रूरता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मोहल्ला निवासी श्रीमती शीला गुप्ता पत्नी ब्रह्मानंद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर हिस्ट्रीशीटर कृष्णानंद, उनकी पत्नी मंशा देवी तथा सुमित, निसांत और सूरज पर बेजुबान कुत्ते के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि 28 जून 2026 की शाम आरोपियों ने ब्रह्मानंद के घर की छत पर बैठे एक कुत्ते पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कुत्ते की चीख-पुकार सुनकर शिकायतकर्ता का नाबालिग पुत्र जीत गुप्ता उसे बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए जान-माल की धमकी देने लगे।
ब्रह्मानंद के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। उनका आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार भी किया, जिसका ऑडियो और वीडियो साक्ष्य होने का दावा किया गया है। मामले की जानकारी कोतवाली थानाध्यक्ष को फोन के माध्यम से भी दी गई।
शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वे आर्थिक प्रभाव के बल पर कार्रवाई से बचते रहे हैं। पीड़िता शीला गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक से सभी आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।

No comments:
Post a Comment