बस्ती। ऑटो रिक्शा जन कल्याण समिति की बैठक रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में अध्यक्ष मो. हारून की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ऑटो रिक्शा चालकों के उत्पीड़न, अवैध उगाही, ड्राइविंग लाइसेंस बनाने में आ रही बाधाओं तथा अन्य समस्याओं पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ऑटो चालक जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला संरक्षक महेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों से ऑटो चालकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। इसके बावजूद आम जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसलिए अब तक किराए में वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि टेम्पो चालकों की आमदनी लगातार कम हो रही है। यदि सरकार जल्द ईंधन की कीमतों में राहत नहीं देती है तो किराया बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।
महेंद्र श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि जनपद में फर्जी हैवी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाला एक सक्रिय गिरोह कार्य कर रहा है, जिसके तार बस्ती से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह गिरोह बिना लर्निंग लाइसेंस के ही हैवी डीएल बनवा देता है तथा दुर्घटना की स्थिति में बैक डेट में भी लाइसेंस जारी कराने का काम करता है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर गिरोह के सरगना का खुलासा किया जाए।
उन्होंने जनपद के टेम्पो चालकों से ऑटो रिक्शा जन कल्याण समिति की सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान करते हुए कहा कि चालकों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष डॉ. इम्तियाज, अकबर अली, सोनू, वारिस अली, गुलाम वारिस, एजाज अहमद, चंद्रभूषण पांडेय, तुलसीराम चौधरी, अनूप चौधरी, विजय प्रकाश, पवन अरोड़ा, गोपाल जी सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment