गोरखपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी महानगर गोरखपुर द्वारा बुधवार को "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, "एक पेड़ मां के नाम" वृक्षारोपण कार्यक्रम, प्रबुद्ध जनसंपर्क एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू रहे।
नौकायन तारामंडल में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन जनआंदोलन बन चुका है और स्वच्छता विकसित भारत की आधारशिला है। इसके बाद उन्होंने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री ने बिलंदपुर, दाउदपुर एवं डीआईजी बंगला क्षेत्र में प्रबुद्धजनों से संपर्क कर केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।
बाद में नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में 17 से 20 जून तक आयोजित विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment