वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बुधवार को रौता चौराहे के निकट भव्या पैलेस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि गोहत्या बंद कराने और लव जिहाद के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से कुछ जिहादी मानसिकता के लोग, जिनमें कुछ सनातनी भी शामिल हैं, उनके विरुद्ध षड़यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सत्य के मार्ग पर चलते रहेंगे और षड़यंत्रकारी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाएंगे।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन, डीआईजी और पुलिस अधीक्षक की सक्रियता के कारण जनपद में गोहत्या और लव जिहाद के मामलों में काफी कमी आई है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक पत्रकार ने उन्हें फोन पर एक नाबालिग हिन्दू युवती के कथित शोषण की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही वह स्वयं तथा महासंघ के पदाधिकारी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय हो गए।
उन्होंने कहा कि युवती को संबंधित आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देने की सलाह दी गई, लेकिन दो दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा युवती को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ वीडियो बनवाकर वायरल कराया गया। अखिलेश सिंह ने दावा किया कि पूरे प्रकरण की जानकारी डीआईजी और पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद जांच में तथ्य सामने आए और पीड़िता की तहरीर पर कैफ खान के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
विश्व हिन्दू महासंघ जिलाध्यक्ष ने कहा कि अन्याय के विरुद्ध और सनातन धर्म की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा अंततः सत्य की ही विजय होगी।
प्रेस वार्ता में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी, अर्पण श्रीवास्तव, अभिषेक वर्मा, कुलदीप एडवोकेट, शिवम, उपेन्द्र, सूरज श्रीवास्तव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment