वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने परिक्षेत्रीय कार्यालय सभागार में रेंज के सभी थानों के कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर जनसामान्य के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
गोष्ठी के दौरान डीआईजी ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीपीयू प्रभारियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों एवं गंभीर दिव्यांगजनों की सूची तैयार कर उनसे नियमित संवाद स्थापित किया जाए। साथ ही अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम तथा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित संस्थाओं का भ्रमण कर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग प्रदान किया जाए।
उन्होंने नशा मुक्ति एवं साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, छात्रों को थाना, तहसील एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों का भ्रमण कराकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी देने तथा स्थानीय समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, मिशन शक्ति अभियान एवं बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग तथा स्वच्छ छवि वाले गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के कार्यक्रमों में सहभागिता पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना उपलब्ध कराते हुए समयबद्ध एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।
गोष्ठी में परिक्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा रेंज के सभी सीपीयू प्रभारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment