गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय गाजियाबाद में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने नवागत सदस्यों को कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाए जाने से प्रभावित होकर लोग बड़ी संख्या में कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम में लोनी क्षेत्र के व्यापारी सचिन शर्मा, अधिवक्ता अरुण शर्मा, अधिवक्ता प्रमोद शर्मा सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नवागत सदस्यों ने कहा कि वे कांग्रेस को देश के भविष्य की पार्टी मानते हैं और जनहित के मुद्दों पर उसके संघर्ष से प्रभावित हैं।
सतीश शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है तथा आने वाला समय कांग्रेस का होगा। उन्होंने दावा किया कि पढ़े-लिखे युवाओं और जागरूक नागरिकों का कांग्रेस के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार, जिला महामंत्री रूबी मलिक, जिला महामंत्री बाबूराम आर्य, जिला सचिव रमाशंकर पासी, लोनी कांग्रेस अध्यक्ष अजय शर्मा तथा डासना कांग्रेस अध्यक्ष अनवर कुरैशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment