वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना वाल्टरगंज पुलिस एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के एक मुकदमे का सफल अनावरण करते हुए कथित मृतक को 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की सक्रियता से मामले की सच्चाई सामने आने पर निर्दोष लोगों को राहत मिली है।
पुलिस के अनुसार, माननीय न्यायालय के आदेश के क्रम में धारा 174(4) बीएनएसएस के तहत थाना वाल्टरगंज में 6 जून 2026 को मु0अ0सं0 127/2026 धारा 103(1) एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता श्रीमती रहमतुन्निशा पत्नी मोहम्मद इरफान निवासी बिछियागंज, थाना वाल्टरगंज ने आरोप लगाया था कि उनके पति इरफान की हत्या कर दी गई है तथा उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष वाल्टरगंज एवं सर्विलांस सेल की टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 7 जून 2026 को मानिकचंद चौराहे के पास से कथित मृतक इरफान पुत्र अब्दुल अजीज (32 वर्ष) निवासी बिछियागंज को सकुशल जीवित बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इरफान को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था, उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की सत्यता संदिग्ध पाई गई।
थाना वाल्टरगंज पुलिस एवं सर्विलांस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना नियमानुसार जारी है तथा सभी तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment