गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘कार्यकर्ता कनेक्ट’ अभियान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी ने संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच की दूरी कम करने का प्रयास किया है। वे प्रदेश के विभिन्न जिलों का लगातार दौरा कर रहे हैं, जहां जिला कार्यकारिणी की बैठकों के साथ-साथ पूर्व पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी सीधे संवाद कर रहे हैं। कमजोर मानी जाने वाली सीटों पर विशेष ध्यान देते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
गोरखपुर के वार्ड संख्या 77 शेषपुर (गीता प्रेस) के भाजपा कार्यकर्ता एवं अग्रहरी समाज के महामंत्री सुशील अग्रहरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सम्मान और संवाद का अवसर मिलने से संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और पंकज चौधरी के संगठनात्मक मार्गदर्शन में भाजपा आगामी चुनावों में और बड़ी सफलता हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘संगठन ही सेवा है’ की भावना के साथ बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और मिशन-2027 की सफलता के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।

No comments:
Post a Comment