बस्ती। जीएस हॉस्पिटल के चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर विभिन्न रोगों का निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच कराई। कुल 186 मरीजों का परीक्षण किया गया, जिनमें यूरो एवं न्यूरो से संबंधित मरीज भी शामिल रहे। शिविर में खून जांच, अल्ट्रासाउंड और दवाओं में भी मरीजों को विशेष छूट प्रदान की गई।
शिविर में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अंकित चतुर्वेदी ने पेट, किडनी, हृदय, लिवर, शुगर एवं अन्य सामान्य बीमारियों से संबंधित मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता तिवारी ने महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का परीक्षण कर उन्हें उचित उपचार एवं आवश्यक सलाह प्रदान की। आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. सौरभ द्विवेदी ने 16 मरीजों का परीक्षण कर परामर्श दिया।
अस्पताल के डायरेक्टर अमित चौबे ने बताया कि जीएस हॉस्पिटल के स्थापना दिवस पर प्रत्येक वर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में मरीजों का शिविर में पहुंचना अस्पताल के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने मंडल क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी अस्पताल जनसेवा के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श मिलने पर मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल की इस पहल की सराहना की।

No comments:
Post a Comment