<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 30, 2026

1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का होगा विभाजन, बस्ती में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू


बस्ती। आगामी चुनावों को अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निधारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदेय स्थलों का पुनः परीक्षण कराया जा रहा है। आयोग के मानकों के अनुसार जिन मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि 24 जून से 31 जुलाई 2026 तक चरणबद्ध तरीके से मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निधारण, प्रारूप सूची का प्रकाशन, आपत्तियों एवं सुझावों का परीक्षण तथा उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 24 से 28 जून तक भौतिक सत्यापन एवं नए भवनों का चिन्हांकन, 29 जून से 1 जुलाई तक राजनीतिक दलों के साथ विचार-विमर्श कर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 4 जुलाई को प्रारूप सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद 18 जुलाई तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजे जाएंगे और 31 जुलाई तक आयोग के अनुमोदन के लिए प्रेषित कर दिए जाएंगे।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, सत्येंद्र सिंह, उमाकांत तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष सिंह, ओम प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages