वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मनोरमा नदी, मखौड़ाधाम एवं जनपद के अन्य जलाशयों की स्वच्छता, संरक्षण और जनजागरूकता के उद्देश्य से आगामी 15 जून 2026 को "मनोरमा जनजागृति मोटरसाइकिल यात्रा" का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा मखौड़ाधाम से प्रारंभ होकर जिलाधिकारी कार्यालय, बस्ती पर समाप्त होगी, जहां प्रशासन को जनभावनाओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मनोरमा जनजागृति अभियान के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्रमणि पाण्डेय 'सुदामाजी' ने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से मनोरमा नदी के पुनर्जीवन, घाटों की सफाई और जल संरक्षण के लिए लगातार जनजागरण, धरना-प्रदर्शन, पत्राचार तथा न्यायालयीन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इस वर्ष हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के 106 शैक्षणिक संस्थानों में जलाशयों के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही स्थानीय युवाओं के सहयोग से मखौड़ाधाम, झुंगीनाथ और पंडूलघाट क्षेत्र में लगभग दो किलोमीटर तक नदी की सफाई भी कराई गई।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न बैठकों में नदी की सफाई और अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्यवाही धरातल पर दिखाई नहीं दी। इसी कारण क्षेत्र के युवाओं और आमजन ने जनजागृति यात्रा निकालकर प्रशासन का ध्यान इस महत्वपूर्ण मुद्दे की ओर आकर्षित करने का निर्णय लिया है।
यात्रा में हर्रैया एवं कप्तानगंज क्षेत्र के सैकड़ों युवा, किसान, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार लगभग 500 मोटरसाइकिलों के साथ 1000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।
प्रस्तावित यात्रा मार्ग मखौड़ाधाम से परसुरामपुर बाजार, रजवापुर, अमारी, महूघाट, हर्रैया, भदावल, महराजगंज और कप्तानगंज होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय बस्ती तक रहेगा। चन्द्रमणि पाण्डेय ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मनोरमा नदी और जलाशयों के संरक्षण के इस जनअभियान को सफल बनाने की अपील की

No comments:
Post a Comment