गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सर्किट हाउस गोरखपुर में भाजपा जिला एवं महानगर इकाई द्वारा संयुक्त प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री एवं गोरखपुर के प्रभारी मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" का मंत्र केवल नारा नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाली वास्तविकता बन चुका है। सरकार ने योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश में दिखाई दे रहे हैं।
स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा कि डीबीटी और आधार आधारित प्रमाणीकरण व्यवस्था से लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया, जिससे सरकार को 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई और पात्र लोगों तक समय पर सहायता पहुंची। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत एक करोड़ रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय निर्माण कर स्वच्छता के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया गया है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से देश के 16 करोड़ से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। पिछले 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, सड़क, रेल, डिजिटल कनेक्टिविटी और निवेश के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, जिससे भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, ग्रामीण विधायक बिपिन सिंह, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक छोटेलाल मौर्य, जिला महामंत्री डॉ. योगेश प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, जिला मीडिया प्रभारी के.एम. मझवार, महानगर मीडिया प्रभारी चन्दन आर्या, चन्दन त्रिपाठी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment