वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने किंग स्पा सेंटर पर कार्रवाई करते हुए 10 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वहीं स्पा सेंटर में कार्यरत 5 महिला कर्मचारियों को रेस्क्यू कर एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) शाखा के माध्यम से सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती के नेतृत्व में थाना पुलिस एवं महिला पुलिस बल द्वारा सायंकालीन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान दक्षिण दरवाजा चौकी क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड पर संचालित संदिग्ध किंग स्पा सेंटर की जांच की गई।
जांच के दौरान वहां मौजूद 10 संदिग्ध पुरुषों को शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में कार्यरत 5 महिला कर्मचारियों को भी बरामद किया गया। महिलाओं को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की सहायता से रेस्क्यू कर आवश्यक प्रक्रिया के बाद सुपुर्दगी की कार्रवाई कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

No comments:
Post a Comment