महादेवा/बस्ती। ब्लॉक सभागार कक्ष में शुक्रवार को स्वर्गीय रघुनाथ सिंह (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि) की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मेवाती देवी ने की। सभा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं क्षेत्र के ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई। वक्ताओं ने स्व. रघुनाथ सिंह के व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों तथा क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया।
गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त मंत्री) महेश शुक्ला ने कहा कि स्व. रघुनाथ सिंह समर्पित, सरल और जनहित के लिए सदैव तत्पर रहने वाले भाजपा नेता थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी।
पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि स्व. रघुनाथ सिंह कर्मठ, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे, जिन्होंने हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े होकर कार्य किया। वहीं पूर्व विधायक रवि सोनकर ने उन्हें जमीनी और जनप्रिय नेता बताते हुए कहा कि उनके निधन से क्षेत्र ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मेवाती देवी ने घोषणा करते हुए रामायण रघुनाथ सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि स्व. रघुनाथ सिंह के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने और विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्ण चंद्र सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रोली सिंह, मनमोहन तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, ओमप्रकाश शुक्ला, रविचंद्र पांडेय, सत्यनारायण शुक्ला, जगदीश शुक्ला, योगेंद्र सिंह, सुनील पांडेय, आरपी शुक्ला, मुरलीधर शुक्ला, बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ला, बीओ अरुण कुमार, दुर्गेश शुक्ला, विवेकानंद शुक्ला, ब्रह्मानंद शुक्ला, रमेश अग्रहरि सहित प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने स्व. रघुनाथ सिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment