वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान’ के तहत 15 मई से 5 जून 2026 तक विभिन्न पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तेरहवें दिन बुधवार को मुख्यालय तथा विभिन्न मंडलों के स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और चिकित्सालयों में पौधारोपण, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम हुए।
मुख्यालय स्थित वाणिज्य कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल ने अधिकारियों व कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास की शपथ दिलाई। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में गोरखपुर, लखनऊ एवं बस्ती स्टेशनों पर पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और ई-कचरा प्रबंधन संबंधी जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। पक्षियों के लिए बर्ड फीडर भी लगाए गए।
वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की देखरेख में स्वास्थ्य एवं फिटनेस अभियान, निबंध प्रतियोगिता तथा पौध वितरण कार्यक्रम हुए। वहीं इज्जतनगर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन में रेलवे कॉलोनियों व स्टेशनों पर पर्यावरण जागरूकता, ई-कचरा निस्तारण और प्लास्टिक उपयोग कम करने के लिए अभियान चलाया गया।
रेल प्रशासन ने कहा कि यह अभियान स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल रेल परिसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

No comments:
Post a Comment