बस्ती। आरोपों से घिरे बस्ती लाइफ लाइन अस्पताल के संचालक डॉ. तारिक ने रविवार को पत्रकार वार्ता कर अपने ऊपर लगाये जा रहे आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि चार-पांच लोग अस्पताल को बदनाम कर नाजायज लाभ लेने का दबाव बना रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई है।
दक्षिण दरवाजा स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. तारिक ने कहा कि कुछ लोग केवल एक अस्पताल या डॉक्टर को नहीं बल्कि पूरे चिकित्सा पेशे को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। इसका असर यह हो रहा है कि कई डॉक्टर गंभीर मरीजों का इलाज करने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस पर रोक नहीं लगी तो स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण हो सकती है।
डॉ. तारिक ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को उनके परिजन स्वयं लेकर आते हैं, किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती नहीं की जाती। उन्होंने दावा किया कि हजारों मरीज अस्पताल से स्वस्थ होकर जा चुके हैं, लेकिन कुछ मामलों में दवाओं का असर न होने पर पूरा दोष अस्पताल और डॉक्टरों पर मढ़ दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें सार्वजनिक करने के लिए भी तैयार हैं। डॉ. तारिक ने कहा कि अस्पताल को बेवजह बदनाम करने की कोशिशें बंद नहीं हुईं तो वे कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगे।

No comments:
Post a Comment