गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बुधवार को गोरखपुर-आनन्दनगर रेल खण्ड के मानीराम-पीपीगंज रेलवे स्टेशनों के बीच समपार संख्या 14सी पर प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था सेतु निर्माण इकाई, गोरखपुर को निर्देश दिए कि बढ़या एवं सहजनवां की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की सुविधा के लिए रोटरी का निर्माण कराया जाए, ताकि सेतु पर चढ़ने-उतरने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-29 गोरखपुर-सोनौली मार्ग से सेतु के सुरक्षित मिलान के लिए रोटरी एवं मेटल क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश भी दिए। उप जिलाधिकारी कैम्पियरगंज को प्रभावित निजी भूमि एवं भवनों का शीघ्र चिह्नांकन, मापन और मूल्यांकन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
इसके बाद मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने पिपराईच-हाटा मार्ग स्थित क्रासिंग संख्या-6सी पर प्रस्तावित 4 लेन रेल उपरिगामी सेतु निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों के मकान एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठान न्यूनतम प्रभावित हों। परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि हाटा, कुशीनगर एवं सोनबरसा की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए रोटरी का निर्माण कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि गोरखपुर साइड पर पर्याप्त सर्विस रोड उपलब्ध कराई जाए, ताकि पिपराईच बाजार आने-जाने वाले वाहन भी सुचारु रूप से रेल उपरिगामी सेतु का उपयोग कर सकें। मौके पर पूर्वोत्तर रेलवे एवं उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment