गोरखपुर। शहर के फ़र्टिलाइज़र क्षेत्र भगवानपुर स्थित केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप एवं स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में बच्चों ने नृत्य, खेल एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबंधक कुलदीप पाण्डेय ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों एवं शिक्षिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। समारोह में विद्यालय परिवार के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे।
समर कैंप के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बेबी के नेतृत्व वाली फाइटर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों एवं टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रबंधक कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन बेहद आवश्यक हैं। खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनका मानसिक और शारीरिक विकास होता है।
प्रधानाचार्य शैलजा पाण्डेय ने कहा कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों ने नई गतिविधियां सीखीं और अपनी रचनात्मक क्षमता को विकसित किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment