बस्ती। बढ़ती महंगाई, बिजली संकट, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से भेजकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और घरेलू गैस की लगातार बढ़ती कीमतों, यूरिया खाद की कमी, बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर व्यवस्था, बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली संकट से आम जनता त्रस्त है, जबकि किसान खाद के अभाव में परेशान हैं।
ज्ञापन सौंपने के बाद महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में धांधली से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर समाजवादी पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय तथा विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं पर मौन है और जनहित के सवालों से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, वाल्टरगंज एवं अठदमा चीनी मिल से जुड़े किसानों और कर्मचारियों के बकाया भुगतान, महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा, जिले में कानून व्यवस्था सुधारने और जले ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग भी शामिल रही।
इस दौरान धीरसेन निषाद, चन्द्र प्रकाश चौधरी, जावेद पिण्डारी, मो. स्वालेह, राम सिंह यादव, अरविन्द सोनकर, युनूस आलम, भोला पाण्डेय, रहमान सिद्दीकी, अखिल यादव, मोनू यदुवंश, समीर चौधरी, हिमांशु सिंह ‘रानू’, रिन्टू यादव समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment