महादेवा, (बस्ती)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को टाटा मोटर्स एसपी ऑटो व्हील्स गोटवा के सभागार में ग्रामीण पत्रकारिता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में “वर्तमान परिवेश में पत्रकारों के समक्ष चुनौतियां” विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक अखिलेश दुबे, कैलाश नाथ दूबे, मंडल अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती एवं बाबू बालेश्वर लाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद पत्रकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि डॉ. बलराम त्रिपाठी ने कहा कि बाबू बालेश्वर लाल ने पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर संगठन की स्थापना की थी, जो आज मजबूत स्वरूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत है।
अध्यक्षता कर रहे अखिलेश दुबे ने कहा कि समाज को आज भी पत्रकारिता से बड़ी उम्मीदें हैं। पत्रकार लोकतंत्र का सजग प्रहरी है और उसे निष्पक्षता के साथ समाज की आवाज उठानी चाहिए।
संरक्षक कैलाश नाथ दूबे ने कहा कि संगठन हमेशा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट होकर जनहित की पत्रकारिता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को विवेक मिश्र, अनिल पांडेय, डॉ. अजीत मणि त्रिपाठी, राजेश सिंह विसेन, अरुण मिश्र, जनार्दन पाण्डेय, हरिशंकर पांडेय, धनीश त्रिपाठी, दिनेश शुक्ल, राम प्रगट सिंह और अवधेश कुमार सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
संचालन महामंत्री पंकज त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में जिले भर के बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment