बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बडकुईयां गांव में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट और महिला का मंगलसूत्र छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। सोमवार को पीड़ित रामवृक्ष पुत्र रामबहोर ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
एसपी को दिए गए पत्र में रामवृक्ष ने बताया कि गांव के राम सुभाव, रामजी, बिन्द्रावती देवी पत्नी धर्मराज, मीरा देवी पत्नी लालजी, प्रेमा देवी पत्नी रामजी, रामजी पुत्र रामपियारे समेत अन्य लोगों से उनका जमीनी विवाद चल रहा है। यह मामला सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय में वाद संख्या-242 के रूप में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी विवादित जमीन पर नाली निर्माण कराने का प्रयास कर रहे हैं।
रामवृक्ष का आरोप है कि 21 मई को राम सुभाव और उनके सहयोगियों ने विवादित जमीन पर पहुंचकर जबरन निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की। विरोध करने पर उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई और गले में पहना मंगलसूत्र छीन लिया गया।
पीड़ित ने यह भी बताया कि इसी विवाद को लेकर वाल्टरगंज पुलिस पहले 11 फरवरी को धारा 126 और 135 के तहत कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी पक्ष दबंगई पर उतारू है।
रामवृक्ष ने पुलिस अधीक्षक से पत्नी का छीना गया मंगलसूत्र वापस दिलाने, विवादित जमीन पर निर्माण कार्य रुकवाने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
No comments:
Post a Comment