वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के अंतर्गत विक्रमजोत स्थित अवधेश होटल में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रदर्शनी का समापन हो गया। कार्यक्रम में कुल 11 सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और चुनावी प्रशिक्षण दिया गया।
दूसरे दिन आयोजित “विचार परिवार” सत्र में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेंद्र नाथ तिवारी ने मार्गदर्शन किया। “मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया और एआई” विषय पर प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी और आईटी विभाग के क्षेत्रीय संयोजक अनादि प्रिय पाठक ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। “कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन” सत्र में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल ने चुनाव संचालन के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है और यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं की वैचारिक क्षमता को मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह, विधायक अजय सिंह, दयाराम चौधरी, संजय जयसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं ने भाजपा और जनसंघ के इतिहास तथा सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

No comments:
Post a Comment