बस्ती। शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए रविवार को लिटिल फ्लॉवर्स स्कूल, सुरेंद्रनगर कटरा में सुमधुर फाउंडेशन टेस्ट सीरीज का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ दिखाई दी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह टेस्ट सीरीज विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का एक अभिनव प्रयास है। विद्यार्थियों ने कहा कि इस परीक्षा से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न को समझने और आत्ममूल्यांकन का अवसर मिलेगा।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय प्रतियोगी परीक्षाओं का दौर है और बच्चों को सही दिशा व बेहतर मार्गदर्शन देना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से सुमधुर फाउंडेशन टेस्ट सीरीज की शुरुआत की गई है।
प्रधानाचार्य श्रीमती अपर्णा सिंह ने बताया कि यह टेस्ट सीरीज महीने में दो बार निशुल्क आयोजित होगी। इसमें एनटीएसई, जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं के अनुरूप प्रश्न पूछे जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों की रैंकिंग कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
विद्यालय के निर्देशक राहुल सिंह ने कहा कि अक्सर विद्यार्थी बेहतर तैयारी के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन करते हैं, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। सुमधुर फाउंडेशन का प्रयास है कि बस्ती में ही विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय मार्गदर्शन और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल परीक्षा तक सीमित नहीं होगी, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और लक्ष्य निर्धारण में भी मददगार बनेगी।
कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लिटिल फ्लॉवर्स स्कूल आधुनिक शिक्षा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन के कारण जिले के अग्रणी विद्यालयों में अपनी पहचान बना रहा है।
इस अवसर पर राजमणि वर्मा, वैभव पाण्डेय, आनंद आर्या, मधु सिंह, प्रीति अस्थाना, साक्षी पांडे, शशि पांडे, अर्पिता सिंह, श्रद्धा सिंह, रितिकेश, प्रवेश, अभिषेक, अनूप बरनवाल, तपन घोष, संध्या तिवारी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment