<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, May 25, 2026

पूर्वोत्तर रेलवे में पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजा, स्टेशनों पर चला जन-जागरूकता अभियान


गोरखपुर। भारतीय रेल की इकाई पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान‘‘ के अंतर्गत 25 मई 2026 को ग्यारहवें दिन मुख्यालय एवं सभी मंडलों के प्रमुख स्टेशनों, कार्यालयों, डिपो, रेलवे कॉलोनियों एवं चिकित्सालयों में व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत लखनऊ मंडल के खलीलाबाद एवं बस्ती स्टेशनों पर रेल कर्मचारियों, स्वास्थ्य निरीक्षकों और सफाई मित्रों ने यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए जन-जागरूकता रैलियां निकालीं। यात्रियों को ‘‘पेड़ लगाएं, प्रदूषण हटाएं‘‘ तथा ‘‘प्लास्टिक हटाएं, पर्यावरण बचाएं‘‘ जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
बस्ती स्टेशन पर जल पुनर्भरण केंद्रों का निरीक्षण, टीडीएस जांच तथा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यात्रियों को कचरे के पृथक्करण—गीला, सूखा और खतरनाक अपशिष्ट—की वैज्ञानिक विधि से निस्तारण की जानकारी दी गई। साथ ही प्लास्टिक बोतलों के पुनः उपयोग एवं रीसाइक्लिंग के लिए प्रेरित किया गया।
वाराणसी मंडल के आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बलिया, छपरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर जल संरक्षण एवं प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। वहीं इज्जतनगर मंडल के काठगोदाम स्टेशन पर एनजीओ के सहयोग से नुक्कड़ नाटक आयोजित कर यात्रियों, स्कूली बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण प्रदूषण के प्रति जागरूक किया गया।
रेल परिसरों में पक्षियों के लिए मिट्टी के पात्र स्थापित किए गए, स्वच्छता एवं पर्यावरण विषयक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों, रेल कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। यह अभियान रेलवे के स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages