संतकबीरनगर। थाना बखिरा पुलिस ने सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को थाना बखिरा क्षेत्र के ग्राम काटामान सिंह निवासी अभिजीत पुत्र शिवदास द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा की गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने तथा लोक शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना बखिरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
माननीय उपजिलाधिकारी न्यायालय मेहदावल ने मामले की संवेदनशीलता एवं शांति व्यवस्था को देखते हुए अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कारागार भेज दिया।
बखिरा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया का प्रयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें तथा किसी भी धर्म, देवी-देवता, संप्रदाय या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट, टिप्पणी अथवा वीडियो साझा न करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment