वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। थाना महुली पुलिस को तकनीकी रूप से सशक्त एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में थाना महुली के समस्त विवेचकों को स्मार्ट टैबलेट उपलब्ध कराए गए, जिससे विवेचना कार्यों में तेजी एवं पारदर्शिता लाई जा सके।
पुलिस लाइन से आई साइबर टीम द्वारा थाना महुली में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विवेचकों एवं पुलिस कर्मियों को स्मार्ट टैबलेट के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें ई-समन, साक्ष्य आईडी, ऑनलाइन विवेचना निस्तारण, डिजिटल अभिलेखीकरण एवं अन्य पुलिसिंग कार्यों में टैबलेट के उपयोग की विधि समझाई गई।
साइबर टीम प्रभारी ललितकांत ने पुलिस कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही डिजिटल माध्यम से कार्य करने पर पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को विभिन्न एप्लीकेशन, ऑनलाइन पोर्टल एवं डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। थाना महुली पुलिस ने बताया कि स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में यह पहल आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।

No comments:
Post a Comment