वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बिजली समस्याओं को लेकर सोमवार को नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने मुख्य अभियंता विजय कुमार गुप्ता से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंची श्रीमती राना ने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के निर्देशानुसार नगर निकाय क्षेत्रों को कम से कम 20 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने नगर पंचायत को स्वतंत्र फीडर से जोड़ने में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, रात्रिकालीन विद्युत आपूर्ति में सुधार तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग रखी। साथ ही निचले स्तर पर कर्मचारियों की लापरवाही का मुद्दा भी उठाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता विजय कुमार गुप्ता ने अधीक्षण अभियंता खालिद सिद्दीकी और अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह को तत्काल कार्यालय बुलाकर जवाब तलब किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नगर पंचायत अध्यक्ष की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने आश्वस्त किया कि जून माह में राजघाट, नगर पेट्रोल पंप के पास तथा पाल नगर क्षेत्र के ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कर दी जाएगी। साथ ही नगर पंचायत को एक सप्ताह के भीतर स्वतंत्र फीडर से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार को बदनाम करने की साजिश करने वालों को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग में कुछ कर्मचारी, अधिकारी और ठेकेदार सरकार विरोधी मानसिकता से कार्य कर रहे हैं तथा जानबूझकर समस्याएं उत्पन्न कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सभासद प्रतिनिधि विजय जायसवाल, राकेश पाण्डेय, दिलीप शर्मा, आकाश अग्रहरि, विजय गौड़, कोदई अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment