वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बस्ती स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय वशिष्ठ महोत्सव का रंगारंग समापन हुआ। मुंबई से आए प्रसिद्ध भजन गायक नीरज तिवारी ने अपने भजनों से स्टेडियम में समां बांध दिया। उन्होंने “राम जी की सेना चली”, “अभी जरा ठहरो राम”, “जय जय श्रीराम बोलेगा”, “बजाओ ढोल स्वागत में हमारे राम आए हैं” तथा “बम भोले बम” जैसे गीत प्रस्तुत किए, जिन पर दर्शक झूम उठे। लखनऊ से आई लोक गायिका कल्पना पांडेय ने भोजपुरी देवी गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
महोत्सव के दौरान आयोजित प्रदेश स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में प्रदेश के 45 जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। यू.पी. खो-खो लीग के लिए 24 बालक और 24 बालिकाओं का चयन किया गया। खो-खो स्टेट चैंपियनशिप 2026 बालक वर्ग में गोरखपुर प्रथम, वाराणसी द्वितीय और बस्ती तृतीय स्थान पर रहा, जबकि बालिका वर्ग में वाराणसी प्रथम, जौनपुर द्वितीय और भदोही तृतीय स्थान पर रहा।
वालीबाल बालक वर्ग में पकरी चौहान प्रथम, बस्ती स्टेडियम द्वितीय और पैड़ा तृतीय स्थान पर रहा। कबड्डी बालक वर्ग में बस्ती टाइगर प्रथम तथा बालिका वर्ग में बीआरएस एकेडमी प्रथम स्थान पर रही। हैंडबॉल बालक वर्ग में लक्ष्य एकेडमी तथा बालिका वर्ग में बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज बस्ती विजेता रहा।
कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में सैकड़ों खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और विजेताओं को नकद पुरस्कार, मेडल व शील्ड प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि संजय चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि राजेंद्र नाथ तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने जिले का नाम “वशिष्ठ नगर” किए जाने के लिए प्रयास करने की बात कही तथा अगले वर्ष और भव्य आयोजन कराने का भरोसा दिलाया।

No comments:
Post a Comment